राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की निंबाहेड़ा इकाई ने डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक स्तर की विभिन्न कक्षाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में सोमवार, 30 जून को महाविद्यालय प्राचार्य के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार को एक ज्ञापन सौंपा गया। कॉलेज में सीट बढ़ाने की मांग एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बताया कि वर्तमान में महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत सीटों की संख्या सीमित होने के कारण अनेक छात्र-छात्राओं को प्रवेश से वंचित होना पड़ सकता है। 403 सीटें स्वीकृत ज्ञापन में बताया- कॉलेज में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय की स्नातक कक्षाओं के लिए कुल 403 सीटें स्वीकृत हैं। जबकि, वर्तमान में तीनों संकायों में लगभग 600 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में आगामी शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए सीटों में वृद्धि किया जाना आवश्यक है। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि निंबाहेड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए इसी महाविद्यालय पर निर्भर हैं। यदि सीटों की संख्या नहीं बढ़ाई गई तो अनेक योग्य एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। संगठन ने विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय की सीटों में शीघ्र वृद्धि करने की मांग की है। ये रहे मौजूद ज्ञापन सौंपते समय एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष दीपक धाकड़, ब्लॉक अध्यक्ष भंवरसिंह शक्तवात, जिला सचिव नवरत्न प्रजापत, हर्षित सेन, आदित्य पहाड़िया, समकित जैन, भूपेन्द्र टांक, राजू मेघवाल, दुर्गेश कुमावत, तनीष माली, तनीष पाटीदार, नन्दकिशोर गायरी, शिवम, पुष्कर कुमावत, आदित्य जाट, कृष्णा मीणा, करण सिंह, नीलम राणावत, योगिता, लक्की, भावना सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।