ब्यावर |राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की जिला इकाई ब्यावर ने राजस्थान में पृथक नर्सिंग निदेशालय खोलने की मांग की है। इकाई ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को पत्र सौंपा। पत्र में कहा गया कि अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस पर सरकार इस निदेशालय की घोषणा करे। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह और जिला अध्यक्ष लक्ष्मण काठात ने बताया कि नर्सिंगकर्मियों के हितों और समस्याओं की लंबे समय से अनदेखी हो रही है। राजस्थान नर्सिंग काउंसिल के तहत प्रदेश में करीब 4 लाख नर्सिंगकर्मी कार्यरत हैं, जिनमें 50 हजार नियमित कर्मचारी हैं। पत्र में कहा गया कि इतने बड़े कार्यबल के प्रबंधन के लिए अलग निदेशालय जरूरी है। एसोसिएशन का दावा है कि निदेशालय बनने से नर्सिंग कैडर का गठन होगा, भर्तियां समय पर होंगी और पदोन्नति प्रक्रिया बाधित नहीं होगी। संगठन ने कहा कि इससे सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।