जिला स्पेशल पुलिस टीम ओर ओबरी थाना पुलिस ने पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता के दौरान एक लग्जरी कार से 4 लाख 10 हजार का कैश पकड़ा है। पुलिस ने कार और मोबाइल जब्त किया है। कैश की अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल करने और हवाला कारोबार से जुड़ा होने का शक है। फिलहाल पुलिस इसे लेकर जांच कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। बुधवार को टीम को चुनाव के दौरान संदिग्ध कैश परिवहन की सूचना मिली। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो ड्राइवर ने रफ्तार गति से कार भगाने की कोशिश की। टीम ने पीछा किया और ओबरी थाना पुलिस की मदद से विराट गांव के पास कार को रुकवा लिया। तलाशी के दौरान कार में रखी काले रंग की पॉलीथिन थैली से नोटों के 9 बंडल मिले। पुलिस ने कैश की गिनती की तो कुल 4 लाख 10 हजार रुपए मिले। इनमें 3 लाख रुपए के 6 बंडल, 50-50 हजार रुपए के 2 बंडल और 10 हजार रुपए का एक बंडल था। कैश के बारे में संदेह होने पर पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई की। साथ ही कैश रखने वाली थैली को सील कर दिया। पुलिस अब कैश के स्रोत और इसे ले जाने के उद्देश्य की जांच कर रही है।