पुरानी टोंक स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के तहत बाहरी मूल्यांकन में सफलता हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र, नई दिल्ली की टीम ने 25 व 26 सितंबर को इसका बाहरी मूल्यांकन किया था। सीएमएचओ डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने बताया कि जिला कार्यक्रम प्रबंधक देवराज गुर्जर, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक सिंघराम गुर्जर, जिला गुणवत्ता आश्वासन दल के सहयोग से यह उपलब्धि मिली है। स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर डॉ. सादिक और डॉ. बाती गुर्जर ने भी गुणवत्ता मानकों की तैयारी में विशेष योगदान दिया। मूल्यांकन की तैयारी के दौरान अभिलेखों का संधारण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, दवा वितरण और मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को निर्धारित राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने पर ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य केंद्र के नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, प्रयोगशाला तकनीशियन, आशा सहयोगिनियों और सफाई कर्मचारियों ने भी सामूहिक रूप से प्रयास किए। सीएमएचओ डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने पूरी टीम का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के तहत मिली यह उपलब्धि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित व बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।