कासं|सवाईमाधोपुर राष्ट्र की सेवा एवं सुरक्षा के लिए कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। समारोह में एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने देशभर के विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों तथा अर्द्ध सैनिक बलों के शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बलिदान का स्मरण करते हुए इस वर्ष शहीद हुए कुल 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम एवं पदनाम का वाचन किया। उन्होंने राष्ट्र एवं आमजन की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी शोक सलामी: पुलिस लाइन ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक पर एसपी मैत्रेयी ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र गिरी के नेतृत्व में पुलिस की सम्मान गार्ड ने शस्त्र उलटकर शोक शस्त्र की मुद्रा में शहीदों को सम्मान दिया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत वीरों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस बैंड ने लास्ट पोस्ट धुन बजाई। शहीदों की स्मृति में पौधे रोपे पर्यावरण संरक्षण का संदेश पुलिस शहीद दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने तथा समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया गया। एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी, एएसपी नेहा अग्रवाल आदि ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।