बांसवाड़ा| महात्मा गांधी अस्पताल में सेामवार को अव्यवस्था ने मरीजों की परेशानी बढ़ा दी है। मुख्य गेट के पास नाले की मरम्मत का काम चलने से एक गेट बंद कर दिया, जिसके चलते पूरे अस्पताल में आवागमन एक ही गेट से ही हुआ। हालात यह बने कि गेट से लेकर परिसर तक बेतरतीब खड़ी गाड़ियों के कारण जाम की स्थिति बन गई। इसी दौरान मरीज लेकर पहुंची एंबुलेंस भी गेट पर जाम में फंस गई। समय पर इलाज नहीं मिल पाने का खतरा मरीजों की जान पर भारी पड़ सकता है, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन स्थिति को लेकर बेपरवाह नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में फिलहाल पार्किंग का ठेका नहीं होने से वाहन जहां-तहां खड़े किए जा रहे हैं, जिससे अव्यवस्था चरम पर है। अस्पताल आए कल्पेश शर्मा ने बताया कि जब तक पार्किंग ठेका नहीं होता, तब तक गेट पर स्थाई रूप से चौकीदार तैनात किया जाना चाहिए, ताकि कम से कम आपातकालीन मरीजों को राहत मिल सके।