बालोतरा में कुओं से स्टार्टर और केबल चोरी के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 7 स्टार्टर और चोरी में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर बरामद किया गया है। पचपदरा थाना पुलिस, डीसीआरबी और डीएसटी टीमों ने ये संयुक्त कार्रवाई की है। पचपदरा थानाधिकारी गीता कुमारी ने बताया- सराणा निवासी मदनलाल ने 31 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मदनलाल ने अपनी शिकायत में बताया था कि सराणा गांव स्थित नदी क्षेत्र में उनके खातेदारी खेत में लगे ट्यूबवेल से चोर स्टार्टर सेट और केबल चुरा ले गए। स्टार्टर के 8 सेट और केबल गायब मिली मदनलाल ने बताया कि- उन्होंने 30 जनवरी की शाम फसल को पानी पिलाया था और अगले दिन सुबह खेत पर पहुंचने पर चार व्यक्तियों के पैरों के निशान देखे। ट्यूबवेल से बोर्ड स्टार्टर के 8 सेट और लगभग 800 फीट केबल गायब मिले थे। मदनलाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रमेश कुमार निवासी मानपुरा खारड़ा, सोहन मेघवाल निवासी रिडिया तालर, फुलवेंद्र मेघवाल निवासी सराणा, महेश भादू निवासी उमरलाई खालसा और हराराम मेघवाल निवासी सणतरा शामिल हैं। 7 स्टार्टर और बोलेरो जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 7 स्टार्टर बरामद किए हैं। साथ ही चोरी की वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर को भी जब्त कर लिया है। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में डीसीआरबी के सउनि गोमाराम, सउनि आईदानराम, हेड कॉन्स्टेबल मोहनलाल, डीएसटी कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र सिंह, उदयसिंह, हेड कॉन्स्टेबल देदाराम, कॉन्स्टेबल नरपतराम और मेघाराम की विशेष भूमिका रही।