प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बालोतरा के पचपदरा से देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का बूंदी में भी सीधा प्रसारण किया गया, जहां नगर परिषद के टाउन हॉल में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव आयोजित हुआ। इस उत्सव में 1084 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन, चूरू-सादुलपुर व चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजना और करवड़ से डांगियावास फोर-लेन सड़क का भी लोकार्पण किया। बूंदी में आयोजित रोजगार उत्सव में ऊर्जा राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंत्री नागर ने जिले के नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र और वेलकम किट सौंपे। उन्होंने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति पत्र वितरण के अवसर पर ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राजकीय सेवा में चयन युवाओं के नए जीवन की शुरुआत है। यह क्षण उनके परिवार और समाज के लिए अत्यंत सुखद है। उन्होंने नव-चयनित युवाओं से ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में 'राष्ट्र सर्वोपरि' की भावना अपनाने पर जोर दिया। राज्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में अब तक सवा लाख भर्तियों के माध्यम से युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि शनिवार को पूरे प्रदेश में 50 हजार से अधिक युवाओं को एक साथ नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे हैं, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। साथ ही, राजकीय सेवाओं की भर्तियों का कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है।