बालोतरा के पचपदरा क्षेत्र में स्थापित रिफाइनरी के आसपास औद्योगिक और शहरी विकास को गति देने के लिए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) एक व्यापक योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत उद्योगों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, ग्रुप हाउसिंग, मल्टीप्लेक्स, हॉस्पिटल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रिसॉर्ट, होटल-मोटल और मॉल जैसी आधुनिक सुविधाओं के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रीको इकाई प्रभारी कुलदीप दाधीच ने बताया- रीको द्वारा बालोतरा-बाड़मेर राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर बोरावास-कलावा क्षेत्र में प्रथम चरण के तहत 29.77 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। यहां 86 औद्योगिक भूखंडों और 8 प्लग एंड प्ले मॉडल फैक्ट्री शेड्स का नियोजन किया गया है। इस क्षेत्र में सड़क और बिजली सहित आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। 38 भूखंडों के आवंटन पत्र जारी अब तक 27 औद्योगिक इकाइयों को 38 भूखंडों (कुल 66,344.05 वर्ग मीटर) के आवंटन पत्र जारी किए गए हैं। इनमें लगभग 89.13 करोड़ रुपए का निवेश और करीब 489 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं, 7 अन्य सफल आवेदकों को 23 अप्रैल 2026 को ऑफर लेटर जारी किए गए हैं। दाधीच ने ये भी बताया कि बोरावास औद्योगिक क्षेत्र के द्वितीय चरण में 213.70 हेक्टेयर भूमि पर 500 वर्ग मीटर से लेकर 1.62 लाख वर्ग मीटर तक के 257 भूखंडों की योजना बनाई गई है। फिलहाल 87.64 हेक्टेयर भूमि पर सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्यों के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं। जल्द ही इस क्षेत्र को विकसित कर आवंटन के लिए खोला जाएगा। शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित होगी राज्य सरकार द्वारा रिफाइनरी के आसपास के विभिन्न गांवों जैसे रामनगर (थोब), सिंधियों की ढाणी, वेदरलाई, बोरावास, खेमाबाबा नगर, रातानाडा, मालियों की ढाणी, बाम नेवाई और जेरला की सैकड़ों हेक्टेयर भूमि रीको को आवंटित की गई है। इन क्षेत्रों में औद्योगिक विकास के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं, आवासीय योजनाएं, मनोरंजन केंद्र और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे। रीको इन परियोजनाओं में निवेश के इच्छुक निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है, जिससे क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो सके। उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी के साथ-साथ विकसित हो रहे ये औद्योगिक और शहरी प्रोजेक्ट्स बालोतरा जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी सुविधाओं का भी व्यापक विस्तार होगा।