नागौर वन विभाग और राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के तत्वावधान में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वन विभाग की टीम द्वारा स्कूल परिसर में परिंडे भी लगाए गए। मुख्य अतिथि पद्मश्री हिमताराम भांभू ने कहा - पर्यावरण संरक्षण हम सबका कर्तव्य है। आज के समय में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सभी को जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और धरती का शृंगार करें। उपवन संरक्षक विजय शंकर पांडे ने कहा - बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण को रोकना होगा और धरती को बचाना होगा। इसके लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना आवश्यक है। साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा भी जरूरी है। प्रधानाचार्य चिमनाराम चौधरी ने कहा - सभी को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। स्कूलों में शिक्षा के साथ बच्चों को पर्यावरण बचाने की सीख देना भी जरूरी है। कार्यक्रम का आयोजन सहायक उपवन संरक्षक कमल कुमार कुमावत, सहायक पर्यावरण अभियंता तेजस्व मुदगल, स्कूल निदेशक शैतानराम चांगल, इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रिंसिपल सुनील परिहार और वाइस प्रिंसिपल डॉ. निकिता सेन की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी सम्पत रोज, वनपाल पुष्पा लेगा, वनरक्षक कमलेश, अंजू, निरमा, सुमन, रामकिशोर, हनुमानराम, वाहन चालक भंवरसिंह, श्रवणराम सहित स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।