डीग के पहाड़ी नगर में महिला आरक्षण कानून 2023 को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन पहाड़ी नगर कामा रोड चौराहे पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव ने किया। इस अवसर पर डीग कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, कांग्रेस पदाधिकारी और आमजन उपस्थित रहे। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव ने कहा कि महिला आरक्षण कानून महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इस कानून को बिना किसी देरी के तुरंत लागू किया जाए, क्योंकि इसके क्रियान्वयन में हो रही देरी से महिलाओं में निराशा बढ़ रही है। श्वेता यादव ने आगे कहा कि केंद्र सरकार आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर राजनीतिक और निर्वाचन ढांचे में बदलाव करना चाहती है, जो संविधान पर सीधा आघात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में रही है, लेकिन भाजपा सरकार परिसीमन के माध्यम से अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार ढांचा बदलना चाहती है, जिसे कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने की बात कही। इस अवसर पर डीग कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी ने भाजपा पर महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर जनता को भ्रमित कर बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।