पाली जिले की सिरियारी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस के जरिए की जा रही मादक पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 64.71 लाख रुपए बाजार कीमत का 431.400 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस को जब्त किया है। हालांकि, ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने टायर पर किए फायर, फिर भी भागता रहा आरोपी एसपी मोनिका सैन ने बताया कि गुरुवार रात को DST टीम और सिरियारी थाना पुलिस को मुखबिर से क्षेत्र में एम्बुलेंस के जरिए अवैध मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर संयुक्त टीम ने सिरियारी थाना क्षेत्र में तुरंत नाकाबंदी शुरू की। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध एम्बुलेंस आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत एम्बुलेंस का पीछा किया। इस दौरान पुलिस की ओर से एम्बुलेंस के तीन टायर भी ब्लास्ट किए गए, लेकिन इसके बावजूद तस्कर गाड़ी को दौड़ाता रहा। आखिरकार आगे जाकर तस्कर गाड़ी को अंधेरे में छोड़कर फरार हो गया। 431 किलो से अधिक डोडा-पोस्त बरामद पुलिस टीम ने जब लावारिस हालत में खड़ी एम्बुलेंस की तलाशी ली, तो उसमें से 431.400 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 64.71 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई में DST टीम के कॉन्स्टेबल लक्ष्मणसिंह, रामनिवास और देवीलाल की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एम्बुलेंस के नंबरों के आधार पर फरार ड्राइवर और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।