पाली के कोतवाली थाने में कांग्रेस नेता और पार्षद राकेश भाटी समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। नगर निगम महापौर नमिता बुबकिया के पीए ऋषभ जोशी ने सरकारी काम में बाधा डालने, धक्का-मुक्की करने और सरकारी फाइलें छीनकर फाड़ने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र सिंह खिंची ने बताया- नगर नियोजन सहायक और महापौर के कार्यवाहक सहायक ऋषभ जोशी ने रिपोर्ट दी है। इसमें कांग्रेस नेता राकेश भाटी, लियाकत अली, मुकेश देवासी, अब्दुल रहमान और निर्मल तेजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। विकास कार्यों के निरीक्षण पर जा रहे थे कर्मचारी शिकायत के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3:45 बजे जोशी, एईएन अजय गेहलोत और जेईएन सुभाषदत्त व्यास महापौर के निर्देश पर शहर के विकास कार्यों का मौका निरीक्षण करने जा रहे थे। इनमें ट्रांसपोर्ट नगर के सामने फ्लाईओवर की पेंटिंग, खेतावास स्थित ठोस कचरा संयंत्र का निरीक्षण और आईबी विभाग को जमीन आवंटन से जुड़े कार्य शामिल थे। आरोप है कि निगम कार्यालय के मेन गेट के पास कार में बैठते समय राकेश भाटी, लियाकत अली, मुकेश देवासी, अब्दुल रहमान, निर्मल तेजी और 3-4 अन्य लोगों ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद जोशी के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। उनका हाथ मरोड़कर फाइलें छीनने को कोशिश भी की गई। फाइलों के कवर और सरकारी कागज फाड़ने का आरोप शिकायतकर्ता के अनुसार, राकेश भाटी के कहने पर लियाकत अली फाइलें लेकर भागने लगे। मौके पर मौजूद आयुक्त के पीए जगदीश ने बीच-बचाव कर फाइलें छुड़ाईं। इस दौरान फाइलों के कवर और सरकारी कागज फट गए। जोशी ने घटना के सबूत के रूप में निगम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मौके पर बनाए गए मोबाइल वीडियो होने की बात कही है। भाटी बोले- विकास के मुद्दे उठाते रहेंगे इधर, कांग्रेस नेता और पार्षद राकेश भाटी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा, न तो फाइल फाड़ी और न ही धक्का-मुक्की की। महापौर के घर फाइलें लेकर जा रहे थे। अगर पाली के विकास के लिए बात करना गलत है, तो एक क्या, 100 मुकदमे करवा लो। जांच में सब साफ हो जाएगा। हमारे पास भी वीडियो और सबूत हैं, जिन्हें जांच अधिकारी के सामने रखेंगे। हम भी इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाएंगे। पेचवर्क की मांग को लेकर किया था प्रदर्शन दरअसल, दिवाली से पहले शहर के सभी 65 वार्डों में सड़कों के पेचवर्क की मांग को लेकर विपक्ष के पार्षदों ने शुक्रवार को आयुक्त चैंबर के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान भाटी ने आरोप लगाया था कि महापौर के वार्ड में बिना टेंडर सड़कें बनाई गईं। करीब पांच घंटे से अधिक समय तक धरना चला। बाद में आयुक्त की समझाइश पर प्रदर्शन समाप्त हुआ था। ये खबर भी पढ़ें… पाली में उपमहापौर बोले- मेयर विकास-कार्यों में भेदभाव कर रहे:कांग्रेस पार्षद निगम में धरने पर बैठे, कर्मचारियों को फाइल ले जाने से रोका
पाली नगर निगम में आयुक्त कक्ष के बाहर कांग्रेस पार्षदों ने उप महापौर मेहबूब टी के नेतृत्व में करीब पांच घंटे धरना दिया। पढ़ें पूरी खबर…