पाली शहर के सोसायटी नगर में सीवरेज के कारण खोखली हुई सड़क पर गड्ढा हो गया, जिसमें जिग्नेश नाम का 10 साल का बच्चा गिर गया। हालांकि, बच्चा पूरी तरह से गड्ढे में नहीं गया था मौके पर मौजूद उसके पिता ने हाथ पकड़कर उसे बचा लिया। गनीमत रही कि उसे ज्यादा चोटें नहीं आईं। वहीं, दूसरी तरफ शिकायत पर वार्ड 53 के पार्षद कालूराम जाट मौके पर पहुंचे। उन्होंने निगम में सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद पार्षद ने अपनी जेब से रुपए खर्च कर गड्ढे को दुरुस्त करवाने के लिए उसमें ईटों के टुकड़े डलवाए, ताकि कोई और इस गड्ढे में गिरकर घायल न हो। बता दें कि शहर का ऐसा एक भी मोहल्ला नहीं है, जहां सीवरेज लाइन की समस्या नहीं हो। सीवरेज लाइन लीक होने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर फैला रहता है। बदबू से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही हादसे होने का डर भी बना रहता है। पहले भी सीवर लाइन धंसने से गड्ढा हो चुका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि निगम को आमजन को राहत देने के लिए सीवरेज की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करना चाहिए।