डीग जिले की पहाड़ी थाना पुलिस ने जम्मू के एक बुजुर्ग की हत्या का 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह पुरानी रंजिश और 'ऑनर किलिंग' का विवाद है। मृतक मोहम्मद अब्दुल्ला खान के भतीजे ने गांव की एक लड़की को भगा लिया था। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने जम्मू से आए बुजुर्ग का किडनैप किया, उनकी हत्या कर शव सड़क पर फेंक दिया। कामां कोर्ट के पास किया गिरफ्तार इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने एएसपी दिनेश यादव और सीओ अमरसिंह मीणा के नेतृत्व में जांच शुरू की। मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी इस्लाम (50) और वसीम (20) को कामां कोर्ट के पास से गिरफ्तार किया। वे खुद को बचाने के लिए वहां पहुंचे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।