पाली जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 5 पंचायत समितियों की 157 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1513 ग्राम पंचायतों में पंच पदों के लिए मतदान हुआ। इसके लिए 642 बूथ बनाए गए थे। पांचों पंचायत समितियों में औसतन 63.43% मतदान हुआ। सोजत पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे ज्यादा 72.98% वोट पड़े, जबकि रानी में सबसे कम 57.63% मतदान हुआ। बगड़ी नगर में 69.61%, मारवाड़ जंक्शन में 61.55% और सुमेरपुर में 63.14% मतदान दर्ज किया गया। रानी के कीरवा गांव में फर्जी मतदान के आरोप पर हंगामा रानी पंचायत समिति के कीरवा गांव में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा किया। स्थिति को शांत करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं, जिले की रानी पंचायत समिति के डूठारिया गांव और सोजत पंचायत समिति के देवासियों की ढाणी हरिपुर में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। दोनों गांवों के ग्रामीण परिसीमन के दौरान अपने गांवों को दूसरी पंचायत में शामिल किए जाने से नाराज थे। कंटालिया में सरपंच पद के लिए 14 प्रत्याशी मारवाड़ जंक्शन पंचायत समिति के कंटालिया गांव में मतदान के दौरान मेले जैसा माहौल देखने को मिला। यहां सरपंच पद के लिए 14 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसके चलते लोगों की खासी भीड़ रही। एसपी मोनिका सैन भी निरीक्षण के लिए यहां पहुंचीं। उन्होंने बूथ परिसर में मौजूद कुछ सरपंच प्रत्याशियों को बाहर भिजवाया। अब तक मतदान का प्रतिशत देखें चुनाव से जुड़ी तस्वीरें… वोटिंग की पल-पल की अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए