पाली पंचायत समिति क्षेत्र में दूसरे चरण के पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव को लेकर शुक्रवार को गहमागहमी का माहौल रहा। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों की भीड़ रही। नामांकन दाखिल करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इससे पंचायत समिति परिसर में दिनभर भीड़ रही। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। 127 व्यक्तियों को वितरित हुए 187 नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया- पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव के लिए शुक्रवार तक कुल 127 व्यक्तियों को 187 नाम निर्देशन पत्र वितरित किए गए। इनमें से 119 नाम निर्देशन पत्र जमा हुए हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी, इसके बाद नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया करवाई जाएगी। कल होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा राणावत ने बताया- निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। इस दौरान प्राप्त नामांकन पत्रों की नियमानुसार जांच होगी। संवीक्षा के बाद अभ्यर्थी सोमवार को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में बाकी रहने वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्न बांट दिए जाएंगे। निर्वाचन कार्य में जुटे रहे अधिकारी-कर्मचारी नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन निर्वाचन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक व्यवस्थाओं में जुटे रहे। इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी सुनील कुमार, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, लक्ष्मण कुमावत, अभिषेक चतुर्वेदी, युजवेन्द्र खेमलानी, जयपाल सिंह, ताराचंद सेजू, मीठालाल चांवरिया, इकबाल अली, साहिल जोशी, मोहित जोशी सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।