पाली स्मॉल स्केल इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन फर्स्ट फेज एवं सेकंड फेज की साधारण सभा भैरवा टेक्सटाइल परिसर में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें रतन मालू को अध्यक्ष, अतुल मूंदड़ा को सचिव और मुकेश डोसी को कोषाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। पूर्व अध्यक्ष शांतिलाल गोलेच्छा ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि एसोसिएशन के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया है। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी से औद्योगिक क्षेत्र के विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को गति मिलने की उम्मीद है। CETP प्लांट नंबर 7 का निर्माण प्रमुख मुद्दा बैठक में औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और उद्योगों के सुचारु संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ट्रीटमेंट प्लांट नंबर 7 (सीईटीपी) के निर्माण कार्य का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। एसपीवी अध्यक्ष अनिल गोलेच्छा ने बताया कि बैठक का मुख्य केंद्र प्लांट नंबर 7 का निर्माण रहा। उद्यमियों ने निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने और प्लांट को पूरी क्षमता के साथ विकसित करने पर सहमति जताई। पर्यावरण नियमों की पालना पर भी चर्चा बैठक में पर्यावरण नियमों की पालना सुनिश्चित करते हुए औद्योगिक गतिविधियों को निर्बाध रूप से संचालित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।