पाली शहर के सूरजपोल चौराहे पर मंगलवार रात महादेव ग्रुप पाली के तत्वावधान में एक शाम महादेव के नाम भजन संध्या का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा और राकेश प्रजापत सहित अन्य कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों की स्वर लहरियों पर युवा से लेकर बुजुर्ग तक श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। भजन संध्या का शुभारंभ शाम 7:30 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छोटू सिंह रावणा ने अपने लोकप्रिय राजस्थानी लोक भजनों, शिव महिमा के गीतों और वीर रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, राकेश प्रजापत ने सुरीली आवाज में भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांधा। प्रसिद्ध गायिका अनीता जांगिड़, डॉ. रमेश माली और अनंत लोहार ने भी भजनों की रसधार बहाई। कार्यक्रम का संचालन चंदन सिंह ने किया। 25 फीट ऊंची आदियोगी प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र कार्यक्रम स्थल पर की गई भव्य सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजन का प्रमुख आकर्षण भगवान महादेव की 25 फीट ऊंची और 16 फीट चौड़ी आदियोगी प्रतिमा रही। इसके साथ ही श्रीनाथजी की झांकी के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जोधपुर फ्लावर डेकोरेशन और जय भेरूनाथ टेंट हाउस की ओर से पंडाल और मंच की आकर्षक सजावट की गई। संत-महात्माओं का मिला सान्निध्य भजन संध्या में रामद्वारा खेड़ापा, पाली के संत सुरजनदासजी महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में विधायक भीमराज भाटी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख और महापौर नमिता बुबकिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सहयोगियों का किया सम्मान आयोजन में सहयोग देने वाले प्रमुख भामाशाहों और टेंट, लाइट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े सेवाभावी लोगों को मंच पर अतिथियों ने साफा पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। महादेव ग्रुप के योगेश चावला, अश्विन प्रजापत, अंकित शर्मा, पीयूष प्रजापत, निकेश भाटी और सुनील सांखला सहित समस्त सहयोगियों ने आयोजन की सफलता पर शहरवासियों, संत-महात्माओं और प्रशासनिक अमले का आभार व्यक्त किया।