पाली जिले में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ रविन्द्र गोस्वामी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 1 नवंबर 2026 को जिले के समस्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान आमजन मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए फार्म-8 आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करवा सकेंगे। विशेष अभियान के तहत 2 एवं 3 नवंबर को बीएलओ की ओर से अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर सर्वे किया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हुए पात्र नागरिकों की पहचान कर उनके नाम जुड़वाने के प्रयास किए जाएंगे। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के भावी मतदाताओं को सूची में शामिल करने पर जोर दिया जाएगा। इस कार्य की निगरानी समस्त सुपरवाइजर करेंगे तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग देंगे। इसके अतिरिक्त जिला एवं विधानसभा स्तर पर जांच दल गठित किए गए हैं, जो आवंटित मतदान क्षेत्रों में अभियान का पर्यवेक्षण एवं कार्यों की जांच करेंगे। आमजन निर्वाचन आयोग की ECINET मोबाइल एप्लीकेशन एवं पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके साथ ही मतदाता अपना ई-ईपीआईसी (e-EPIC) भी डाउनलोड कर सकेंगे। इस तारीख को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण करने के बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।