पंचायत चुनाव के तहत आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में जिला स्तर पर गठित आदर्श आचार संहिता एवं शिकायत प्रकोष्ठ ने सख्ती बरतते हुए 11 सरकारी कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। संबंधित कार्मिकों पर प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने का मामला सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है। प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा ने बताया कि प्रकोष्ठ के संज्ञान में आए मामलों के अनुसार नूरपुर निवासी राजस्थान रोडवेज कर्मचारी शिम्भू दयाल गुर्जर, सायपुर निवासी बैंक मैनेजर राकेश मीना, सायपुर निवासी पटवारी पवन मीना, नौरंगवाड़ा निवासी दिल्ली पुलिस कार्मिक नाहर सिंह मीना, नौरंगवाड़ा निवासी लाइनमैन विजय मीना, कायमपुर निवासी रेलवे ग्रुप-डी कार्मिक मनसुख मीना, मेहंदीपुर बालाजी निवासी राजस्थान परिवहन विभाग कार्मिक धीरसिंह मीना, मेहंदीपुर बालाजी निवासी दिल्ली पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार मीना, मेहंदीपुर बालाजी निवासी दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल अखिलेश कुमार मीना, मेहंदीपुर बालाजी निवासी दिल्ली नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता राजाराम मीना और सुमेल कलां निवासी राजस्थान पुलिस के सहायक उप निरीक्षक सुरज्ञान सिंह गुर्जर को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। स्पष्टीकरण नहीं देने पर एक्शन होगा उन्होंने संबंधित कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समयावधि में स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें कि उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। प्रथम दृष्टया संबंधित गतिविधियां राजकीय कार्मिकों से अपेक्षित निष्पक्षता, तटस्थता एवं आचरण संबंधी नियमों के विपरीत पाई गई हैं। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उनके संबंधित विभागों को अनुशासनात्मक एवं विभागीय कार्रवाई के लिए अनुशंसा भी भेजी जाएगी।