पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को झुंझुनूं जिले की 6 पंचायत समितियों और जिला परिषद के 16 वार्डों में मतदान होगा। इसके लिए मंगलवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज परिसर से मतदान दलों को ईवीएम, बैलेट पेपर और निर्वाचन सामग्री देकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। 604 मतदान केंद्रों पर 5 लाख 65 हजार 634 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2 लाख 93 हजार 676 पुरुष और 2 लाख 71 हजार 958 महिला वोटर्स हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। छह पंचायत समितियों के 102 वार्डों में चुनाव दूसरे चरण में झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्यों के 102 वार्डों में मतदान होगा। इसके साथ जिला परिषद के 16 वार्डों के लिए भी मतदाता वोट डालेंगे। इन क्षेत्रों में कुल 167 ग्राम पंचायतें और 1,577 ग्राम पंचायत वार्ड शामिल हैं। मतदान के लिए 604 बूथ बनाए गए हैं। जिले में मतदान व्यवस्था संभालने के लिए 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। वहीं, 52 मतदान केंद्र क्रिटिकल श्रेणी में रखे गए हैं। ईवीएम से वोटिंग, सरपंच चुनाव बैलेट पेपर से जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए बुधवार को ईवीएम से मतदान कराया जाएगा। इसके बाद गुरुवार( 29 अक्टूबर) को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी। शुक्रवार(30 अक्टूबर) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए बैलेट पेपर से मतदान होगा। शनिवार, 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।