प्रदेश में पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे, चर्चित चेहरे सामने आ रहे हैं। कुछ जोडि़यों ने ऐसा माहौल बना दिया कि हर गली और घर में उनकी चर्चा होने लगी है। एक पूर्व मंत्री अपने जेल गए कार्यकर्ता के लिए घर-घर वोट मांगेंगे। दूसरी पूर्व मंत्री अपनी बेटी की पहली राजनीतिक पारी के लिए वोट मांगेंगी। अशोक गहलोत सरकार में कद्दावर मंत्री रहीं ममता भूपेश ने बेटी देवांगना भंडारी को मैदान में उतार कर चौंका दिया। वहीं सीकर में सास-बहू की जोड़ी हर किसी की जुबान पर है। सास बीजेपी से मैदान में हैं और बहू कांग्रेस से। दोनों अपने- अपने दल की जिला अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। दोनों पहले भी आमने-सामने चुनाव लड़ चुकी। इस बार दोनों के वार्ड अलग-अलग हैं। अजमेर-केकड़ इलाके के सरवाड़ में एक कांग्रेस प्रत्याशी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने पर पूर्व हेल्थ मिनिस्टर मैदान में कूदकर सुर्खियों में आ गए। रघु ने पुलिस को धमकाते हुए ऐलान किया कि गिरफ्तार किए हंसराज गुर्जर के लिए वे घर-घर जाकर वोट मांगेंगे। वहीं एक आईपीएस पत्नी के लिए घर-घर वोट यात्रा निकालेंगे। चुनावी मिठाई...दावेदारों में होड़, कौन ज्यादा बांटेगा अलावड़ा(अलवर)| 4 दिन से गांव में एक के बाद एक दावेदार लड्डू-पेठा बंटवा रहे हैं। सुबह ही अनाउंसमेंट हो जाता है। लोग थैलियां भरकर घर ले जाते हैं। सास-बहू इस बार अलग-अलग वार्ड से मैदान में सीकर में सास इंद्रा चौधरी ने जिला परिषद के वार्ड 18 से नामांकन दाखिल किया है। वहीं बहू सुनीता गठाला वार्ड 11 से कांग्रेस की प्रत्याशी है। सास-बहू के लिए राजनीतिक पारी नई नहीं है। इंद्रा चौधरी भाजपा पार्टी की जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। उनकी बहू कांग्रेस पार्टी से जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। पूर्व में जिला परिषद चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 10 से इंद्रा और सुनीता एक दूसरे के प्रतिद्वंदी रह चुके हैं। …आईपीएस की पत्नी मैदान में सीकर में आईपीएस अरशद अली की पत्नी जरीना को वार्ड 47 से टिकट दिया गया है। पत्नी के लिए आईपीएस को भी मैदान में उतरना पड़ेगा। भाजपा ने जरीना को टिकट दिया है। नौकरी छोड़ ASI चुनाव लड़ रहे सीकर में एक पुलिस अफसर चर्चाओं में हैं। उन्होंने राजनीति में आने के लिए ऐच्छिक वीआरएस लिया। एएसआई सुल्तान सिंह ने पुलिस की नौकरी छोड़ी और अब वार्ड 40 से टिकट भी ले लिया। पूर्व प्रधान और पीसीसी सचिव भी मैदान में: कांग्रेस ने सीकर के वार्ड 15 से भंवरलाल वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। भंवरलाल सीकर जिले की दांतारामगढ़ पंचायत समिति से प्रधान रह चुके हैं। वहीं कांग्रेस ने वार्ड नंबर 44 से अनिल बुरड़क को प्रत्याशी बनाया है।