ब्यावर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं। उपखंड अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को 7 ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम राठौड़ ने फतहगढ़सला, रूपनगर, सरगांव, सराधना, पाखरियावास, सुहावा और लसाड़िया ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद सुविधाओं और चुनाव की तैयारियों का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान मतदान दलों के ठहरने, काउंटिंग रूम, बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं को देखा गया। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय में पूरी की जाएं। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (पीईईओ) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को स्वच्छता, पानी, रोशनी सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।