शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- पंचायती राज विभाग में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फर्जी तरीके से नियुक्ति हासिल करने वाले लोगों की जांच चल रही है। ऐसे सभी कार्मिक नौकरी से हटाए जाएंगे। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। एसओजी इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही कार्रवाई होगी। दिलावर ने कहा- हमने कार्यभार संभालते ही शिक्षा विभाग एवं पंचायती राज विभाग में सभी पेंडिंग पड़ी विभागीय पदोन्नति को शीघ्र करने के निर्देश जारी किए। जिसका परिणाम यह हुआ की शिक्षा विभाग में 50 हजार से अधिक विभागीय पदोन्नति की जा चुकी है। बाकी 25 हजार पदोन्नतियां जल्द ही की जाएगी। इसके अलावा पंचायती राज विभाग में भी सभी संवर्गों की पदोन्नति की जा रही है। मंत्रालय कर्मचारियों की अभी हाल ही में 750 पदोन्नतियां की गई है। संस्कृत शिक्षा विभाग में भी सभी संवर्गों की पदोन्नतियां की जा चुकी है। दिलावर ने कर्मचारियों की मांग पर पंचायती राज विभाग में कैडर रिव्यू करने की घोषणा की। मंत्री ने कहा- मैं जयपुर पहुंचकर विभाग के अधिकारियों को उसके निर्देश दूंगा। आपकी मांग पूरी की जाएगी। मंत्री दिलावर कोटा के धरणीधर गार्डन मे पंचायती राज मात्रालिक कर्मचारियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में मौजूद मंत्रालयिक कर्मचारियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए मंत्रालयिक कर्मचारी मौजूद रहे। इससे पहले दोपहर 1 बजे करीब दिलावर ने कोटा सर्किट हाउस में रामगंजमंडी के लाडपुरा के गांव में निकाली गई पदयात्रा की पालना रिपोर्ट पर कार्रवाई को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में डोलिया ग्राम पंचायत के मंदिर गढ़ गांव को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने एवं राजस्थान के पर्यटन नक्शे पर स्थापित करने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। राजस्थान के पर्यटन नक्शे पर पहचान बनाएगा मंदिर गढ़ मंत्री दिलावर ने बैठक में पर्यटन विभाग, देवस्थान विभाग,पुरातत्व विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की। सभी संबंधित विभाग एकीकृत रूप से मंदिर गढ़ का दौरा करें। बारीकी से निरीक्षण कर इसके विकास की प्लानिंग तैयार करें। दिलावर ने वाटरशेड विभाग को भी निर्देश दिए कि मंदिरगढ़ में जल संरचनाओं के संरक्षण एवं विकास के लिए कार्य योजना बनाएं।