गुजरात विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी डूंगरपुर दौरे पर रहे। उन्होंने सर्किट हाउस में 'वोट बचाओ देश बचाओ' अभियान पर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक ली। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। धनानी ने बताया, कांग्रेस देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के मताधिकार को बचाने के लिए यह अभियान चला रही है। इसके तहत 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली होगी। यह अभियान उन लोगों को सजा दिलाने के लिए है, जिन्होंने वोट छीनने की साजिश रची है। यह राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने की जंग है। वोट के अधिकार पर दिया जोर धनानी ने वोट के अधिकार पर जोर दिया। उन्होंने कहा, वोट सुरक्षित रहने पर ही चुने हुए नेताओं पर जनता का नियंत्रण रहेगा और आम नागरिक की सुनवाई संभव होगी। कांग्रेस डूंगरपुर सहित पूरे देश में हर मतदान केंद्र पर 'वोट रक्षक' नियुक्त करेगी। ये कार्यकर्ता मतदाता सूची की गड़बड़ियों पर नजर रखेंगे और छीने गए मताधिकारों को उजागर करेंगे।