बाड़मेर के आसमान में मंगलवार की रात एक ऐसा नजारा दिखा जिसने सरहद से लेकर शहर तक सनसनी फैला दी। रात के अंधेरे में रोशनी आसमान में तैरती नजर आई। इसे देखते ही ग्रामीणों में कौतूहल और दहशत का माहौल बन गया। मंगलवार रात करीब 8.30 बजे अचानक आसमान में विमानों की आवाज के साथ एक चमकती हुई वस्तु तेज रफ्तार से गुजरती दिखी। बाड़मेर शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों में लोगों ने इसे स्पष्ट रूप से देखा। रोशनी इतनी तेज थी कि कुछ पलों के लिए ग्रामीणों को लगा कि कोई उल्कापिंड गिर रहा है या फिर कोई मिसाइल टेस्ट किया गया है। लोग घरों से बाहर निकल आए और आसमान की ओर टकटकी लगाए देखते रहे। इस कारण दिखी आसमान में रोशनी प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जब लड़ाकू या अन्य बड़े विमान अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरते हैं, तो उनके इंजन से निकलने वाली अतिरिक्त गैस हवा के संपर्क में आकर आग की तरह दिखाई देती है। यह विमानों की एक सामान्य प्रक्रिया है, जिसे तकनीकी भाषा में आफ्टर बर्नर या गैस रिजेक्शन कहा जाता है। रात के अंधेरे में कम रोशनी के कारण यह आग का गोला या रोशनी की तरह नजर आता है। जानकारों का कहना है कि सरहदी इलाका होने के कारण यहां वायुसेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की रूटीन उड़ानें होती रहती हैं। यह नजारा उसी का हिस्सा है।