न्यू सांगानेर रोड, मोहन मार्ग स्थित रूप विहार कॉलोनी में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां सड़क के बीचों बीच पिछले 40 दिन से ‘विवादों का शामियाना’ ताने खड़ा है। मामला एक टेंट व्यवसायी और वैवाहिक आयोजक के बीच पैसों के लेनदेन का है, लेकिन सजा पूरी कॉलोनी भुगत रही है। शिकायत पर नगर निगम और पुलिस प्रशासन एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टाल रहे हैं। रूप विहार के सत्यनारायण सिंह ने बताया कि 19 मार्च को नरेश शर्मा के यहां विवाह था। अरेंजमेंट के लिए टेंट व्यवसायी मुकेश कुमावत को हेवन रिसोर्ट में टेंट, डेकोरेशन व इवेंट के एवज में 20 लाख रु. में गार्डन, सजावट और घर के बाहर शामियाने का ठेका दिया गया। काम में लापरवाही पर आयोजक ने सवा दो लाख रोक लिए। कमिश्नर के आदेश पर नेता का फोन भारी मामला निगम के विजिलेंस कमिश्नर के पास पहुंचा, तो टीम को भेजा। सुरेश कुमार के निर्देशन में टीम मौके पर पहुंची, लेकिन सिर्फ फैंसी लाइटें उतारकर ले गई, ताकि जब्ती भी दिखा देंगे और लाइटें काम भी आ जाएंगी। शामियाना अब भी ज्यों का त्यों खड़ा है। खास बात यह भी है कि जब टीम पहुंची तभी किसी नेता का फोन आ गया और टीम लौट आई। “जोन स्तर पर कार्रवाई नहीं हो सकती है। विजिलेंस टीम को कार्रवाई करनी है। मैंने अभी जॉइन ही किया है, पूरी जानकारी नहीं है, जांच करवाकर उचित कार्रवाई करेंगे।” -सुनील बैरवा, उपायुक्त सिविल लाइन जोन “टेंट व्यवसायी मुकेश कुमावत का कहना है कि जामड़ोली के हवाई हेवन रिसोर्ट में 34 लाख रुपए में इवेंट मैनेजमेंट व टेंट संबंधित काम किया था, अब भी 19 लाख रुपए बकाया है, सभी वेंडर्स परेशान हैं।”