फलोदी में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर एकता दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें करीब 500 युवा, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं, स्काउट-गाइड, पुलिसकर्मी और सरकारी अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ लगाई और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। गृह मंत्रालय और युवा मामले एवं खेल विभाग के निर्देश पर आयोजित दौड़ नगर परिषद चौराहे से शुरू हुई। एसडीएम पूजा चौधरी, नगर परिषद सभापति मेघराज कल्ला और उप पुलिस अधीक्षक अचल सिंह देवड़ा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। दौड़ का समापन मेजर शैतान सिंह स्टेडियम में हुआ। सरदार पटेल के योगदान को किया याद समापन समारोह में नगर परिषद सभापति मेघराज कल्ला ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और योगदान की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया गया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सोहनराम विश्नोई, जिला खेल अधिकारी बुद्धाराम विश्नोई, अरुण व्यास, मांगीलाल विश्नोई, भंवरलाल विश्नोई, सुखराम, अनिल पुरोहित, प्रकाश चौधरी, शिक्षा विभाग के शारीरिक शिक्षक, नगर परिषद के इकबाल लोहार और रमेश जीनगर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। दौड़ में शामिल बच्चों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।