फलोदी जिले में पंचायतीराज चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए कल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जिले के 5,39,096 मतदाता 469 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतगणना 20 नवंबर 2026 को होगी। जिला परिषद के 23 वार्डों में 68 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, 9 पंचायत समितियों के 141 वार्डों में 401 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। 155 बसों से 673 मतदान केंद्रों पर पहुंचे दल बुधवार को जय नारायण मोहनलाल पुरोहित राजकीय महाविद्यालय में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद 155 बसों के जरिए मतदान दलों को 673 मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन पर्यवेक्षक कालूराम, जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह, एसपी आदित्य काकड़े और उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। एसपी आदित्य काकड़े ने पुलिस जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करने के निर्देश दिए। 305 ग्राम पंचायतों में 4091 जवान तैनात चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले की 305 ग्राम पंचायतों में 4091 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में 30-30 जवानों का रिजर्व जाब्ता रखा गया है। इसके अलावा जिले में 563 जवानों का बैकअप जाब्ता भी तैयार रहेगा, ताकि आपात स्थिति में तत्काल तैनाती की जा सके। जिले की सभी 9 पंचायत समितियों में 73 मोबाइल पार्टियां लगाई गई हैं। इनमें 292 जवान शामिल रहेंगे। इसके अतिरिक्त 23 सुपर ऑफिसर और 7 सीनियर सुपर ऑफिसर क्षेत्र में लगातार गश्त कर कानून-व्यवस्था पर नजर रखेंगे। 100 अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा जिले की 9 पंचायत समितियों में 100 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में चिह्नित किया गया है। इन केंद्रों पर सुरक्षा के लिए 500 जवान तैनात रहेंगे, जिनमें करीब 200 हथियारबंद जवान शामिल हैं। प्रत्येक अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र पर दो हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिले की 305 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक पंचायत में चार जवानों की एक टीम तैनात रहेगी। लोहावट में सबसे अधिक 19 संवेदनशील बूथ जिले में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या के लिहाज से लोहावट और बाप पंचायत समिति क्षेत्र सबसे आगे हैं। लोहावट में 19 और बाप में 18 बूथ इस श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा घंटियाली में 14, फलोदी में 12, पीलवा में 9, बापिणी में 8, आउ में 7 तथा देचू और सेतरावा में 6-6 बूथ संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में शामिल हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।