फलोदी जिले में नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छह मामलों में 38.645 किलोग्राम डोडा-पोस्त, 714 ग्राम अफीम का दूध, 0.87 ग्राम एमडी और 2.34 ग्राम स्मैक बरामद की। कार्रवाई एसपी आदित्य काकड़े के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान मध्यप्रदेश एसटीएफ भोपाल के एनडीपीएस एक्ट के मामले में नौ साल से फरार 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी भीयाराम जाट को भी पकड़ा गया। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के चार अन्य वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फलोदी और नोख में डोडा पोस्त बरामद फलोदी थाना प्रभारी नरेश कुमार निर्वाण की टीम ने रामनगर मंडला में किशनाराम जाणी के घर दबिश देकर 20.840 किलोग्राम डोडापोस्त और 714 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया। पुलिस ने किशनाराम विश्नोई को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। नोख थाना प्रभारी सुरतान सिंह की टीम ने मदासर में लाधूराम के खेत पर कार्रवाई कर 8.290 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने मदासर निवासी लाधूराम पुत्र मल्लूराम विश्नोई को गिरफ्तार किया। मामले में कथित सप्लायर के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। एमडी, डोडापोस्त और स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार चाखू थाना प्रभारी प्रेमाराम सीआई की टीम ने बूंगड़ी में कार्रवाई कर सुनील पुत्र किशनलाल ब्राह्मण निवासी आउ, थाना भोजासर, हाल रोहिणा के कब्जे से 0.87 ग्राम एमडी बरामद की। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। भोजासर थाना क्षेत्र के आउ कस्बे में एसआई मगाराम की टीम ने एक ढाबे पर दबिश दी। यहां जैसला निवासी बाबूराम पुत्र मामराज विश्नोई के कब्जे से 6.145 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद किया गया। लोहावट थाना क्षेत्र के विश्नावास में एसआई रामसुख की टीम ने सुगनाराम पुत्र जयनारायण छीपा के कब्जे से 3.370 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने सप्लायर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया। लोहावट थाना पुलिस और डीएसटी फलोदी की संयुक्त टीम ने डीएसटी कांस्टेबल रामेश्वर की सूचना पर सदरी खुर्द के रामेरिया चौराहे पर कार्रवाई की। यहां सोफिया पत्नी मुमताज मुसलमान निवासी सदरी खुर्द के कब्जे से 2.34 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके और सप्लायर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। 9 साल से फरार 5 हजार का इनामी पकड़ा डीएसटी फलोदी के कमांडो गंगाराम की सूचना पर पुलिस टीम ने आमला निवासी भीयाराम पुत्र खेमाराम जाट के घर दबिश देकर उसे दस्तयाब किया। आरोपी मध्यप्रदेश एसटीएफ भोपाल के एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले नौ साल से फरार था। उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे एसटीएफ भोपाल के सुपुर्द कर दिया। पुराने मामलों में फरार आरोपी भी गिरफ्तार अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के पुराने मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बाप थाना प्रभारी महेश श्रीमाली की टीम ने फलोदी थाने के एनडीपीएस मामले में आठ माह से फरार राजा खोखर उर्फ नूर नबी को गिरफ्तार किया। वहीं, देचू थाना प्रभारी विक्रम सिंह की टीम ने भोजासर थाने के एनडीपीएस मामले में बख्तावर उर्फ बख्तावर को पकड़ा।