फलोदी शहर और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी से लोगों में चिंता बढ़ गई है। पिछले दो दिनों में तीन अलग-अलग वारदातों में लाखों रुपये के आभूषण और ट्यूबवेल की केबल चोरी होने के मामले सामने आए हैं। मलार रिण क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कादर खां के ट्यूबवेल पर दो बदमाश सर्विस लाइन से केबल काट रहे थे। मोटरसाइकिल की आवाज सुनकर जागे कादर खां ने करीब 2 किलोमीटर तक उनका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश मोटरसाइकिल और कटी हुई केबल मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक और केबल जब्त की, जांच जारी ग्रामीणों की सूचना पर फलोदी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बदमाशों द्वारा छोड़ी गई मोटरसाइकिल और कटी हुई केबल जब्त कर ली है। ग्रामीणों के अनुसार, एक दिन पहले पास के महबूब खां के ट्यूबवेल से भी केबल चोरी हुई थी। पुलिस को शक है कि दोनों वारदातों में एक ही गिरोह शामिल हो सकता है। दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर आभूषण चोरी दूसरी घटना शहर के कमला भवन क्षेत्र में सामने आई, जहां 16 अप्रैल को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े एक मकान का ताला तोड़ दिया। घर की मालकिन मदन कंवर के अनुसार, वह परिवार के साथ बाहर गई हुई थीं, इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण, 20 चांदी के सिक्के, चांदी की मूर्तियां और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। लगातार बढ़ रही वारदातें, पुलिस पर बढ़ा दबाव पुलिस ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। सीआई भंवराराम के अनुसार, सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गुरुवार रात नजदीकी बावड़ी कला गांव में भी दो घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने की घटना सामने आई थी, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।