राष्ट्रीय मूल्यांकन में उत्कृष्ट प्रदर्शन, तीन साल तक 3 लाख प्रोत्साहन राशि मिलेगी भास्कर न्यूज | जोधपुर जोधपुर जिले के पीएचसी आगोलाई ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक में 96.04% अंक हासिल कर जिले में सर्वाधिक स्कोर दर्ज किया है। यह केंद्र NQAS प्रमाणन प्राप्त करने वाला जिले का दूसरा पीएचसी भी बन गया है। अतिरिक्त सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ. रामनिवास सेनवर ने बताया कि 16-17 मार्च को राष्ट्रीय असेसर्स ने ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, टीकाकरण, प्रसव सेवाएं और प्रयोगशाला सहित छह विभागों का मूल्यांकन किया। स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवा उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण और मरीज संतुष्टि जैसे मानकों पर जांच की गई। उन्होंने बताया कि इस प्रमाणन के तहत संस्थान को तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष 3 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। सीएमएचओ डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने चिकित्सा अधिकारी डॉ. रईस खान (बीसीएमओ बालेसर), अतिरिक्त प्रभारी डॉ. सवाई सिंह सहित समस्त स्टाफ की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला गुणवत्ता टीम के डॉ. गिरीश माथुर, डॉ. रजत श्रीवास्तव, डॉ. अशोक बिश्नोई व डॉ. नरेश दायमा के मार्गदर्शन तथा संस्थान के नरसिंह, नीतू चौधरी, देवेंद्र पंवार, महिपाल सिंह, प्रकाश राठौड़, विश्वास कच्छवाहा, कौशल्या, शकुंतला व पप्पू देवासी के समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई। यह सफलता जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनी है।