हनुमानगढ़ पुलिस ने पीलीबंगा में AC चोरी के पांच आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से चोरी के 14 AC जब्त किए हैं। बाकी इलेक्ट्रॉनिक सामान की तलाश अभी जारी है। यह मामला कुछ दिन पहले सामने आया था। संजीव कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दीवाली की सफाई के दौरान उनके वार्ड नंबर 23 स्थित गोदाम से AC और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गया था। पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी और वृत्त अधिकारी विक्रम चौहान की निगरानी में एक टीम बनाई गई। थानाधिकारी रायसिंह के नेतृत्व में एएसआई राजेंद्र कुमार की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सबूतों और मानवीय जानकारी की मदद से आरोपियों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में दीनदयाल, मनोहर, राजेंद्र कुमार उर्फ राजू, रामकुमार और संदीप सिंह उर्फ संदीप कबाड़िया शामिल हैं। ये सभी हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा और हनुमानगढ़ टाउन के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।