ग्राम पंचायत हमीरपुर में 33.50 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलापट्ट का अनावरण विधायक व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने किया। इस दौरान ग्राम पंचायत ने क्षेत्र के आधारभूत विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कई प्रस्ताव भी विधायक को सौंपे। ग्राम पंचायत की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों में सीसी सड़क निर्माण, स्टेट हाईवे-116 से सहोदरा बांध तक डामरीकरण सड़क, कुहाड़ा रोड पर नए हैंडपंप की स्थापना, सहकारी समिति के पुराने भवन के स्थान पर नए भवन का निर्माण, समिति परिसर में सीसी रोड एवं किसानों के लिए टीनशेड, वर्षा से क्षतिग्रस्त चारदीवारी का पुनर्निर्माण, परिसर में आरसीसी फर्श, गणेश मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण तथा नालों की सफाई सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं। ग्राम पंचायत प्रशासक गीता देवी जाट ने बताया कि इन प्रस्तावों के स्वीकृत होने से किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सऊद सईदी, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा, पूर्व विधायक कमल बैरवा, उपसरपंच मदनलाल गुर्जर, गोवर्धनलाल जाट, हंसराज फागणा, जगदीश रेगर, रामेश्वर जाट, कांग्रेस इकाई अध्यक्ष बाबू खान, गन्नी खान, मोरपाल बैरवा सहित पंचायत प्रतिनिधि, सहकारी समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।