पिंडवाड़ा नगर पालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर में एक दिव्यांग दंपती को 20 साल के लंबे इंतजार के बाद आवासीय भूखंड का पट्टा मिला। वार्ड संख्या 9, वारकी के पास निवासी सीता देवी पत्नी रमेश कुमार माली को यह पट्टा प्रदान किया गया। सीता देवी ने वर्ष 2006 में आवासीय पट्टे के लिए नगर पालिका में आवेदन किया था। उन्हें लंबे समय तक विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन पट्टा नहीं मिल पाया। राज्य सरकार के निर्देश पर पिंडवाड़ा नगर पालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर में अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य के निर्देशन में उनके मामले का त्वरित निस्तारण किया गया और पट्टा जारी हुआ। सीता देवी और उनके पति रमेश कुमार दोनों दिव्यांग हैं। वर्षों के इंतजार के बाद आवासीय पट्टा मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार, पिंडवाड़ा नगर पालिका और अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य का आभार जताया। दंपती ने कहा कि यह उनके अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन के लंबित प्रकरणों का त्वरित समाधान किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को राहत मिल रही है।