सिरोही रोड सहित पिंडवाड़ा के वार्ड नंबर 2 में गंदे पानी और पेयजल की किल्लत से परेशान लोगों ने बुधवार को जलदाय विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्षद तरुण कुमार मीणा के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने विभाग के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर स्वच्छ व मीठे पानी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं विभाग कार्यालय के बाहर बैठ गईं। लोगों ने नई व पुरानी पाइपलाइन बदलने, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, पानी की टंकी व बोरिंग की व्यवस्था करने तथा सोलर पंप आधारित योजना का सर्वे करवाने की मांग उठाई। साथ ही दो आरओ प्लांट लगाने का प्रस्ताव तैयार करने की मांग की। पार्षद और महिलाओं ने चेतावनी दी कि 90 दिनों में समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे बेमियादी धरने पर बैठेंगे। कहीं गंदा पानी तो कहीं नियमित सप्लाई का संकट पार्षद तरुण कुमार मीणा ने बताया कि सिरोही रोड पर कई घरों में खराब पानी आ रहा है, जबकि अजयपुरा-मीणावास क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। कई बस्तियों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों को पानी की व्यवस्था करने के लिए जूझना पड़ता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए, ताकि उन्हें स्वच्छ पेयजल मिल सके। पाइपलाइन बदलने से लेकर दो आरओ प्लांट लगाने की मांग ज्ञापन में क्षेत्र की नई और पुरानी पाइपलाइन बदलने तथा हर घर तक नियमित स्वच्छ पानी पहुंचाने की मांग की गई। इसके अलावा खराब हैंडपंपों की मरम्मत, पानी की टंकी और बोरिंग की व्यवस्था करने की बात कही गई। क्षेत्रवासियों ने सोलर पंप आधारित पेयजल योजना के लिए सर्वे करवाने और साफ पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो आरओ प्लांट लगाने का प्रस्ताव तैयार करने की मांग भी उठाई। सहायक अभियंता ने सुनी समस्या, पालिकाध्यक्ष ने दिए निर्देश प्रदर्शन के दौरान जलदाय विभाग के सहायक अभियंता मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष राकेश रावल ने भी सहायक अभियंता से बात कर क्षेत्र की पेयजल समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। 90 दिन में समाधान नहीं तो बेमियादी धरना लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे वार्ड पार्षद तरुण कुमार मीणा और महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यदि 90 दिनों के भीतर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बेमियादी धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने विभाग से गंभीरता से कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को जल्द राहत दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान वार्ड नंबर 1 के पार्षद दिनेश गुर्जर सहित सिरोही रोड क्षेत्र के निवासी, महिलाएं और अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।