त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को पीसांगन में दो प्रतिष्ठानों से मूंगफली और तिल के तेल के नमूने लिए गए। साथ ही 540 लीटर तेल और 79 किलोग्राम घी सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक आयुक्त अविचल चतुर्वेदी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा के निर्देशन में जिले में ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान चलाया जा रहा है। दो प्रतिष्ठानों से लिए तेल के नमूने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को पीसांगन स्थित कनक तेल घानी उद्योग से मूंगफली और तिल के तेल के नमूने लिए। इस दौरान 405 लीटर मूंगफली का तेल और 135 लीटर तिल का तेल अग्रिम आदेश तक सीज किया गया। इसके अलावा आकाश जनरल स्टोर से किसना ब्रांड और कार्तिक पुराण ब्रांड के मूंगफली तेल के नमूने लिए गए। मौके पर 79 किलोग्राम घी भी सीज किया गया। जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई विभाग के अनुसार- लिए गए सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता से संबंधित कमियां मिलने पर कारोबारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए।