अलवर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एक ऑफिसर की मौत मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने मृतक को सुसाइड के लिए उकसाने का पत्नी और साढ़ू के खिलाफ केस दर्ज किया है। एडीएम सिटी ने पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंपी उसके बाद एफआईआर दर्ज की गई है। मृतक ने दो साल पहले ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। पुलिस के अनुसार, मृतक 22 जुलाई 2024 को अलवर आया था। अगले दिन 23 जुलाई को इटाराणा पुलिया के पास ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। उस समय मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि पत्नी से मतभेद होने पर बेटे को धमकियां दी जाती थी। वह और कुछ लोग मिलकर बेटे को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पिता ने कहा-बेटे को धमकियां मिल रही थी पिता ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी और उसके परिचित खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहते थे कि उसके कई मंत्री और विधायकों से अच्छी पहचान है, वह नौकरी करना सिखा देगा। आरोप है कि दोनों वॉट्सऐप पर भी धमकी भरे मैसेज भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की मामले की जांच के बाद एडीएम सिटी अलवर ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद अरावली विहार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) और धारा 61(2) के तहत पीएनबी अधिकारी की पत्नी और साढ़ू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।