छोटीसादड़ी | छोटीसादड़ी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन ब्लॉक में 192 घर-घर सर्वे टीमों, दो मोबाइल टीमों और एक ट्रांजिट टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान 1,950 वंचित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी विजय कुमार गर्ग ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 28 से 30 जून तक तीन दिवसीय अभियान संचालित किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में 28 टीमों ने 274 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 167 टीमों ने 1,676 बच्चों को दवा पिलाई। अभियान की निगरानी चार शहरी और 20 ग्रामीण सुपरवाइजरों ने की। टीमें नारेलाफला, कान्करा, नाराणी चौकी, गाडिया लोहार बस्ती, कच्ची बस्ती, लाम्बा सागड़ा, मामादेव और हरियादोह जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचीं। अशोक चौधरी ने देवाकमाता और धोलापानी, विजय पाटीदार ने बंबोरी तथा भूपेंद्र सिंह सोलंकी ने कारुण्डा क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्लॉक स्तर पर अशोक कुमार बैरवा, शांतिलाल कुमावत और तेजप्रकाश ने भी अभियान की मॉनिटरिंग की। खंड कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार बैरवा ने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। धरियावद। तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन 264 वैक्सीनेटर टीमों के 528 सदस्यों ने घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश बिजारनिया, ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर प्रेमसिंह देवड़ा सहित अधिकारियों ने टीमों के कार्य का निरीक्षण कर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने और किसी भी बच्चे को छूटने नहीं देने के निर्देश दिए। अभियान में चिकित्सा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की टीमें संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं। बंबोरी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत सेक्टर के 42 बूथों पर 91 स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगियों ने सेवाएं दीं। अभियान के दौरान 2,110 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। चिकित्सा प्रभारी डॉ. विजय पाटीदार ने बताया कि पहले चरण में बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई थी, जबकि दूसरे दिन टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर उन बच्चों को खुराक दे रही हैं जो पहले दिन किसी कारणवश वंचित रह गए थे। उन्होंने अभिभावकों से सभी पात्र बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य दिलाने की अपील की। अवलेश्वर। स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दूसरे दिन आशा सहयोगिनियों और हेल्परों ने घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। पहले दिन छूटे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें भी दवा दी गई। टीमों ने प्रत्येक घर का रिकॉर्ड जांचा और दवा पिलाने के बाद निर्धारित चिन्ह अंकित किए, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे। विभाग ने अभिभावकों से प्रत्येक चरण में बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की। बरड़िया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थड़ा के अंतर्गत दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने नर्सिंग ऑफिसर महेश पाटीदार, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों के साथ थड़ा, कनोरा, लालपुर, बिलाखेड़ा सहित विभिन्न गांवों में घर-घर जाकर पहले दिन छूटे शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के सभी पात्र बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाना रहा।