अलवर के प्रतापगढ़ में डाक विभाग से जुड़ा एक अजीब मामला सामने आया है, जहां एक पोस्टमैन ने टारगेट पूरा करने के लिए ग्राहक के नाम पर 20 खाते खोल दिए। पीड़ित मनोज के अनुसार, उसने 25 मार्च को पोस्ट ऑफिस में एक आरडी (RD) खाता खुलवाने के लिए पोस्टमैन कैलाश मीणा को 2 हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि कैलाश मीणा, जो प्रतापगढ़ पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन है, ने एक ही फॉर्म पर साइन करवाकर 26 मार्च को 100-100 रुपये के 20 अलग-अलग खाते खोल दिए। मनोज का कहना है कि शुक्रवार को पोस्टमैन 20 पासबुक उसके पास छोड़ गया। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो पोस्टमैन ने बताया कि उसके टारगेट पूरे नहीं हो रहे थे, इसलिए उसने ऐसा किया और आगे खुद ही पैसे जमा करवाने की बात कही। इस पर मनोज ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह 20 खातों का क्या करेगा और इतनी सारी पर्चियां कैसे संभालेगा। इसके बाद उसने अपनी दुकान पर सभी पासबुक रखकर लोगों को भी इस मामले की जानकारी दी। इस मामले में पोस्टमैन कैलाश मीणा का कहना है कि मार्च महीने में उन्हें 101 आरडी खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया था। 23 मार्च तक उन्होंने 81 खाते खोल लिए थे, लेकिन लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। उनके अनुसार, कार्यालय के अधिकारी लगातार दबाव बना रहे थे और किसी भी तरह टारगेट पूरा करने के निर्देश दे रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टमास्टर संजीव यादव उन पर विशेष रूप से दबाव डाल रहे थे। इसी दबाव के चलते उन्होंने एक ही फॉर्म पर हस्ताक्षर करवाकर 20 खाते खोल दिए। कैलाश मीणा ने स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई है और उन्होंने कहा कि वे ग्राहक के 2 हजार रुपये दो दिन के भीतर वापस कर देंगे। उनका कहना है कि अधिकारियों के दबाव के कारण ही यह गड़बड़ी हुई। पीड़ित जब इस मामले को लेकर पोस्टमास्टर संजीत यादव के पास पहुंचा तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला और उसे पोस्टमैन से ही बात करने को कहा गया। वहीं, डाक अधीक्षक जब्बार ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी और उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।