अलवर के प्रतापगढ़ में डाक विभाग से जुड़ा एक अजीब मामला सामने आया है। जहां एक पोस्टमैन ने टारगेट पूरा करने के लिए एक ही ग्राहक के नाम पर 20 आरडी खाते खोल दिए। पीड़ित मनोज के अनुसार, उसने 25 मार्च को पोस्ट ऑफिस में एक आरडी (RD) खाता खुलवाने के लिए पोस्टमैन कैलाश मीणा को 2 हजार रुपए दिए थे। कैलाश मीणा प्रतापगढ़ पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन हैं। उसने 26 मार्च को एक ही फॉर्म पर साइन करवाकर 100-100 रुपए के 20 अलग-अलग खाते खोल दिए। खुद ही पैसा जमा कराने की बात कही मनोज ने कहा कि शुक्रवार को पोस्टमैन 20 पासबुक उसके पास छोड़ गया। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो पोस्टमैन ने बताया कि उसके टारगेट पूरे नहीं हो रहे थे, इसलिए उसने ऐसा किया और आगे खुद ही पैसे जमा करवाने की बात कही। इस पर मनोज ने आपत्ति जताई और पोस्टमैन से कहा कि वह 20 खातों का क्या करेगा और इतनी सारी पर्चियां कैसे संभालेगा। मनोज ने खुद की किराने की दुकान पर सभी पासबुक रखकर लोगों को भी इस मामले की जानकारी दी। पोस्ट मास्टर डाल रहे थे दबाव पोस्टमैन कैलाश मीणा का कहना है कि मार्च महीने में उन्हें 101 आरडी खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया था। 23 मार्च तक उन्होंने 81 खाते खोल लिए थे, लेकिन लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। उनके अनुसार, कार्यालय के अधिकारी लगातार दबाव बना रहे थे और किसी भी तरह टारगेट पूरा करने के निर्देश दे रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टमास्टर संजीव यादव उन पर विशेष रूप से दबाव डाल रहे थे। इसी दबाव के चलते उन्होंने एक ही फॉर्म पर हस्ताक्षर करवाकर 20 खाते खोल दिए। कैलाश मीणा ने स्वीकार किया कि उससे गलती हुई है। कहा कि वह ग्राहक के 2 हजार रुपए दो दिन के अंदर वापस कर देगा। डाक अधीक्षक बोले- जांच के बाद कार्रवाई करेंगे पीड़ित जब इस मामले को लेकर पोस्टमास्टर संजीव यादव के पास पहुंचा तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला और उसे पोस्टमैन से ही बात करने को कहा गया। वहीं, डाक अधीक्षक जब्बार ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी और उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।