डूंगरपुर| आतरसोबा गांव में आराध्य देव बाबा रामदेवजी महाराज रामसापीर की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल है। मेघवाल समाज ग्राम विकास समिति के तत्वावधान में 13 और 14 मई को दो दिवसीय धार्मिक आयोजन होंगे। इनमें 27 कुण्डीय यज्ञ-हवन और भव्य कलशयात्रा मुख्य आकर्षण रहेंगे। समिति के अनुसार 13 मई को हेमाद्रि-श्रवण, मंडप प्रवेश, कुटीर हवन, देवी-देवता व मंडप वास्तु पूजन, गृहशांति, जलाधिवास, शांति-पोष्टिक हवन और सांयकालीन आरती जैसे धार्मिक अनुष्ठान होंगे। वहीं, 14 मई को सुबह साढ़े 7 बजे से कलशयात्रा के साथ नगर भ्रमण निकाला जाएगा। इसके बाद मूर्ति स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा विधि पूर्ण होगी। आयोजन में महामंडलेश्वर स्वामी हरिकिशोर महाराज श्यामलाजी गुजरात, महंत शिवशंकरदास महाराज, माताश्री श्रद्धानंद गिरी सहित कई संत-महात्मा शामिल होंगे।