जयपुर में वरिष्ठ कलाकार प्रताप कुमार भाटिया (78) ने अपनी पेंसिल स्केच प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में भगवान गणेश, भगवान शिव, प्रसिद्ध मंदिरों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महानायक अमिताभ बच्चन के चित्र प्रमुख आकर्षण बने हैं। इस उम्र में भाटिया ने पेंसिल की बारीक लकीरों से आर्ट का ऐसा संसार रचा, जिससे सभी प्रेरित हुए। जवाहर कला केंद्र की सुकृति कला दीर्घा में शुक्रवार से शुरू हुई भाटिया की पेंसिल स्केच प्रदर्शनी की शुरुआत विधायक कालीचरण सराफ ने की। इस अवसर पर जवाहर कला केंद्र के अतिरिक्त महानिदेशक गोपाल बिरदा भी मौजूद रहे। पहले दिन बड़ी संख्या में कला प्रेमी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। पहले देखें इवेंट के PHOTOS… आशा भोंसले से लेकर सचिन तेंदुलकर के स्केच प्रदर्शनी में लगभग 100 पेंसिल स्केच प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें भारतीय संस्कृति, आध्यात्म, विरासत, प्रकृति और देश की प्रतिष्ठित हस्तियों के चित्र स्केच से उकेरे गए हैं। भगवान गणेश, भगवान शिव, देश के प्रसिद्ध मंदिरों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महानायक अमिताभ बच्चन, अभिनेता धर्मेंद्र, आशा भोंसले, क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर सहित अनेक चर्चित व्यक्तित्वों के चित्र प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं। इसके अलावा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित देश के विभिन्न ऐतिहासिक स्मारकों, मूर्तियों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और बारीक आभूषणों को भी पेंसिल स्केच से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। पक्षियों और वन्यजीवों के भी स्केच भाटिया ने कई ऐसे पक्षियों और वन्यजीवों के स्केच भी बनाए हैं, जो आज विलुप्ति के कगार पर हैं। विशेष रूप से बाघ और दुर्लभ पक्षियों के चित्रों के माध्यम से उन्होंने वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता बचाने का प्रभावशाली संदेश दिया है। दिलचस्प बात यह है कि प्रताप कुमार भाटिया पेशे से इंजीनियर रहे हैं। उन्होंने कभी किसी कला संस्थान से औपचारिक प्रशिक्षण नहीं लिया। कोरोना महामारी के दौरान जब अधिकांश लोग घरों तक सीमित थे, तब उन्होंने पेंसिल स्केचिंग को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया। महज कुछ वर्षों में वे 500 से अधिक पेंसिल स्केच तैयार कर चुके हैं। कला के साथ-साथ भाटिया सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहे हैं। वे लंबे समय से रोड सेफ्टी जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस दिशा में किए गए उनके कार्यों के लिए उन्हें विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।