प्रतापगढ़ के दो युवाओं रामसिंह गुर्जर और अभय सिंह आंजना ने RAS (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) में टॉप किया है। रामसिंह गुर्जर की 10वीं तो अभय सिंह आंजना की 15वीं रैंक आई है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने RAS परीक्षा-2024 का रिजल्ट जारी कर दिया है। बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने टॉप किया है। लास्ट परीक्षा में उन्होंने 57वीं रैंक हासिल की थी। फिलहाल आरपीएस की ट्रेनिंग कर रहे हैं। आयोग ने शनिवार सुबह कुल 2391 कैंडिडेट्स की मेरिट लिस्ट जारी की है। इस परीक्षा के लिए 17 अप्रैल को इंटरव्यू खत्म हुए थे। सब इंस्पेक्टर की 10वीं रैंक, बोले- हार नहीं मानी RAS परीक्षा में प्रतापगढ़ के रठांजना थाना क्षेत्र के छायन गांव निवासी रामसिंह गुर्जर की 10वीं रैंक आई है। राम सिंह गुर्जर वर्तमान में बांसवाड़ा में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की नौकरी के साथ पढ़ाई करना चुनौतीपूर्ण था। वे ड्यूटी के बाद रोजाना 5 से 8 घंटे सेल्फ स्टडी करते थे, अपने नोट्स बनाते थे और समसामयिक घटनाओं से जुड़े रहते थे। यह उनका तीसरा प्रयास था। दूसरे प्रयास में उन्हें 480वीं रैंक मिली थी, जिसे उन्होंने असफलता की बजाय सीखने का अवसर माना। राम सिंह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं और उनके माता-पिता ने सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। एसआई भर्ती 2021 में भी हुआ था चयन वहीं, जहाजपुर निवासी अभय सिंह आंजना भी एक किसान परिवार से हैं। अभय सिंह की 15वीं रैंक आई है। उन्होंने बताया कि वे पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार RAS की तैयारी कर रहे थे। घर पर खेती-बाड़ी का माहौल होने के बावजूद उन्होंने पढ़ाई को प्राथमिकता दी। ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने अपना पूरा ध्यान प्रशासनिक सेवा की तैयारी पर केंद्रित किया। अभय का चयन 2021 की सब इंस्पेक्टर भर्ती में भी हुआ था, लेकिन वह भर्ती प्रक्रिया फिलहाल रद्द है। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे। उन्होंने कहा- सरकारी नौकरी मिलना अंत नहीं है, बल्कि असली लक्ष्य अपने सपनों को पूरा करना है।