प्रतापगढ़ शहर की बड़ा बाग कॉलोनी में गरबा महोत्सव के लिए चंदा लेने गए कॉलोनीवासियों के साथ बदतमीजी, जातिगत गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश का मामला सामने आया है। इस मामले में कॉलोनीवासियों ने एसपी को ज्ञापन देकर संदीप शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के मुताबिक, 16 अक्टूबर को रोहित पोरवाल, रामप्रसाद सुथार, श्याम सुंदर कुमावत, बसंती देवी सुथार, आशा टांक और अन्य कॉलोनीवासी गरबा महोत्सव के लिए चंदा जमा कर रहे थे। इसी दौरान वे होंडा शोरूम पहुंचे और संदीप पाल शर्मा से आयोजन में सहयोग मांगा। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि चंदा मांगने पर संदीप पाल शर्मा ने गाली-गलौज की, जातिसूचक बातें कहीं और उन्हें वहां से जाने को कहा। आरोप है कि इसके बाद संदीप शोरूम से नीचे आया और जूता निकालकर मारने की कोशिश की। प्रतापगढ़ थाने के थाना अधिकारी शंभू सिंह झाला ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।