प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जिले के मंदिरों में विशेष सजावट की गई है और दिनभर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। मंदिरों में हवन-अनुष्ठान, भजन संध्या, रासलीला और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं जिले के कई हिस्सों में मेले भी सजे हुए हैं और शहर में विभिन्न मंदिरों से शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। सुबह से ही जिले के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। कई स्थानों पर अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ और हवन-अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। मंदिरों में भजन संध्या का आयोजन हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिरों में भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रम हुए। शाम के समय विशेष आरती का आयोजन है। आयोजकों के अनुसार, दिनभर धार्मिक प्रवचन, कीर्तन और प्रसादी वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रसिद्ध मंदिरों के बाहर सजे मेले जिले के प्रसिद्ध श्री रोकड़िया हनुमान मंदिर और शोली हनुमानजी मंदिर के बाहर भी मेले का आयोजन किया गया है। इन मेलों में झूले, चकरी, खानपान की दुकानें और बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इन मेलों में पहुंचकर मेले का आनंद ले रहे हैं। पंचमुखी बालाजी मंदिर में पांच दिवसीय मेले की शुरुआत बरडिया स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर में पांच दिवसीय मेले का आयोजन शुरू हो चुका है। यहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जा रही हैं। भजन संध्या, कवि सम्मेलन और रात्रिकालीन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल प्रदान किया जा रहा है। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली जा रही शोभायात्राएं हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों से भव्य शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। इन शोभायात्राओं में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। शोभायात्राओं के मार्ग में कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं और श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण की व्यवस्था भी की गई है। जिलेभर में आज का दिन पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में गुजर रहा है और मंदिरों में सुबह से देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन कर रहे हैं।