प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 1565 लीटर अवैध पेट्रोल और एथेनॉल जब्त किया गया है, और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और डीएसपी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में, डीएसटी टीम प्रतापगढ़ और धोलापानी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया। टीम ने अंबावली मोड़ पर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई की। बिना अनुमति के पेट्रोलियम पदार्थों को बेच रहा था पुलिस ने विजेंद्र सिंह (45) पुत्र नाहर सिंह, निवासी बरोडिया, पुलिस थाना खेरोदा, जिला उदयपुर को हिरासत में लिया। जिला रसद अधिकारी को सूचित करने के बाद की गई जांच में सामने आया कि आरोपी बिना अनुमति के अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों का क्रय-विक्रय कर रहा था। बरामद सामग्री में 4 ड्रमों में 855 लीटर पेट्रोल और 3 ड्रमों में 710 लीटर एथेनॉल शामिल है। इसके अलावा, 20 और 10 लीटर के माप उपकरण, एक इलेक्ट्रिक पंप सेट, वाल्व सेट लगी नली, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर कटर मशीन और स्क्यू मशीन भी जब्त की गई हैं।