प्रतापगढ़ के बाजारों में करवा चौथ का सीजन शुरू होते ही पूजा सामग्री और डिजाइनर थालियों की मांग बढ़ने लगी है। महिलाएं स्टील या पीतल की सामान्य थालियों के बजाय पेस्टल रंग, कुंदन, मिरर वर्क, मोतियों और सजावटी नगों वाली थालियां पसंद कर रही हैं। बाजार में छोटी से लेकर बड़ी डिजाइनर थालियां मिल रही हैं। इनमें रंग-बिरंगे मोती, कुंदन, शीशे और गोटा-पट्टी का इस्तेमाल किया गया है। कई थालियों के साथ पूजा सामग्री रखने के लिए अलग-अलग कटोरियां और छोटे डिब्बे भी दिए जा रहे हैं। दुकानदार रेडीमेड थालियों के साथ ग्राहकों की पसंद के मुताबिक कस्टमाइज्ड सेट भी तैयार करवा रहे हैं। ग्राहक अपनी पसंद का रंग, डिजाइन और सजावट चुन सकते हैं। पेस्टल पिंक, पीच, ऑरेंज, येलो और ग्रीन रंगों के साथ गोल्डन वर्क वाली थालियां पसंद की जा रही हैं। डिजाइनर पूजा थालियां घर की पूजा के अलावा त्योहारों, गृह प्रवेश, शादी-विवाह, करवा चौथ, दीपावली और अन्य धार्मिक आयोजनों में गिफ्ट के तौर पर भी दी जा रही हैं।