प्रतापगढ़ में सोमवार को बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित खानपान के लिए एक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के 47 विद्यालयों में "शुद्ध आहार व मिलावट पर वार" कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुल 10,403 विद्यार्थियों को स्वस्थ भोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। यह अभियान आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर की आयुक्त टी. शुभ मंगला के निर्देशन में संचालित किया गया। इसका संचालन जिला नोडल अधिकारी सुनील कुमार पामेचा के नेतृत्व में हुआ। पौष्टिक आहार के बारे में जानकारी दी गई कार्यक्रम के दौरान परिवीक्षाधीन प्रशिक्षु फूड इंस्पेक्टर कुलदीप मीणा, कल्पना पटेल, विकास मीणा और रामेश्वर मीणा ने विद्यार्थियों को संतुलित और पौष्टिक आहार का महत्व समझाया। बच्चों को मिलेट्स (मोटे अनाज), मौसमी हरी सब्जियों और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर फलों के सेवन के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि ये खाद्य पदार्थ शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। फास्ट फूड को लेकर किया जागरूक स्टूडेंट्स को को पिज्जा, बर्गर, पेटीज और चाउमीन जैसे जंक फूड तथा अधिक परिरक्षित खाद्य पदार्थों के लगातार सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। फूड इंस्पेक्टरों ने फास्ट फूड की ओर बच्चों के बढ़ते झुकाव को स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्हें इन आदतों में बदलाव लाने और घर के बने ताजे भोजन को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई।